साले की पत्नी से प्रेम सम्बन्ध के कारण उसके परिवार में लम्बे समय से गहरा विवाद चल रहा था। ससुरारी जनों ने मृतक नरेंद्र को बातचीत के बहाने घर बुलाया। चार लोगों ने मिलकर उसे पशुओं के बांधने वाले पिलर से बांध दिया और लाठी-डंडों से मारा-पीटा।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ उन्नाव संवाददाता
उन्नाव (अचलगंज) – थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव में गुरुवार को रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। जहां एक युवक को उसके साले और परिजनों ने बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने युवक को पिलर से बांधकर इतना मारा कि वह वहीं ढेर हो गया।

मृतक की पहचान बड़ौरा गांव निवासी नरेंद्र उर्फ लाला (35) के रूप में हुई है, जो प्राइवेट नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार, नरेंद्र का अपने साले गंगाराम की पत्नी बालेश्वरी से प्रेम संबंध था। इसी बात से गंगाराम और उसके परिवार में गहरा विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब सवा तीन बजे गंगाराम ने अपनी पत्नी बालेश्वरी, भाई कमलेश और भाभी नीलम के साथ मिलकर नरेंद्र को बातचीत के बहाने घर बुलाया। चारों ने मिलकर उसे पशुओं के बांधने वाले पिलर से बांध दिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार करने लगे। गांव वालों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का गुस्सा बेकाबू था। कुछ ही देर में नरेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी बिछिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचलगंज थाना प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि चारों आरोपियों-गंगाराम, बालेश्वरी, कमलेश और नीलम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी घटना के बाद गांव छोड़कर फरार हैं। पुलिस टीम दबिश दे रही है।
