देश के युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनके लिए एआई ट्रेनिंग से लेकर स्टार्टअप और खेलों तक के लिए कई बड़े एलान किए।इस विकास यात्रा का सबसे बड़ा लाभार्थी कौन है और इसका साधक कौन है? इसका साधक देश का युवा है। देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे बड़ी है
नई दिल्ली ; लाल किले की प्राचीर से देश के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कई बड़े एलान किए। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षा, एआई, स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और खेलों में अवसर बढ़ाने पर जोर दिया है। आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ लोगों को एआई स्किल देने, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क खड़ा करने और 5 से 15 वर्ष के बच्चों में खेल प्रतिभा खोजने के लिए गांव-गांव व स्कूल-स्कूल टैलेंट हंट चलाने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को संसाधनों की कमी न होने देने और उन्हें हर क्षेत्र में नेतृत्व के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है। लाल किले से मैं देश के नौजवानों के लिए घोषणा करना चाहता हूं कि आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ लोगों को एआई स्किल देने के लिए हम काम करेंगे। हमारा लक्ष्य है कि भारत का युवा एआई की दुनिया में केवल भागीदार न रहे, बल्कि नेतृत्व करने का सामर्थ्य रखे।
नई शिक्षा नीति से युवाओं के लिए खुले अवसर
हमने नई शिक्षा नीति लागू की है। 2004 से 2014 तक देश में 50 से कम यूनिवर्सिटी थीं, जबकि पिछले 10 वर्षों में 650 यूनिवर्सिटी जुड़ चुकी हैं। 2014 से पहले मेडिकल की 400 सीटें थीं, आज यह संख्या 850 से ज्यादा हो गई है। अब विदेशी यूनिवर्सिटी भी भारत आ रही हैं, जिससे युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। मैं देशवासियों को भरोसा देता हूं कि इसी रास्ते पर मेहनत में कोई कमी न करते हुए हम विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करके रहेंगे। हमें मिलकर आगे बढ़ना है और सुधारों को लगातार आगे बढ़ाते रहना है। हम यह काम पूरे कन्विक्शन के साथ कर रहे हैं। इस विकास यात्रा का सबसे बड़ा लाभार्थी कौन है और इसका साधक कौन है? इसका साधक देश का युवा है। देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे बड़ी है और विकसित भारत का सबसे बड़ा लाभार्थी भी देश का युवा ही होगा। इसलिए हमें युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाते हुए आगे बढ़ना है।

स्टार्टअप, स्किल और सस्ते डेटा ने युवाओं को दी नई ताकत
स्टार्टअप इंडिया के चलते देश में लगातार नए स्टार्टअप खड़े हो रहे हैं। मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि आप सपने लेकर आगे आइए, हम संसाधनों की कमी नहीं होने देंगे। सस्ते डेटा ने युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया है और उन्हें नई ताकत दी है। इसी दिशा में स्किल इंडिया को आगे बढ़ाया गया है और खेलो इंडिया का भी विस्तार किया गया है। इन पहलों ने युवाओं के लिए सीखने, कौशल विकसित करने और अपनी प्रतिभा को आगे ले जाने के नए रास्ते खोले हैं। आज भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। भारत का राष्ट्रगान आज दुनिया के कई पोडियम पर सुनाई देता है। टॉप्स योजना ने भारतीय खिलाड़ियों को काफी बढ़ावा दिया है। खेलो इंडिया गेम्स, खेलों के लिए कोचिंग, स्पोर्ट्स मेडिसिन और अन्य सुविधाओं के विस्तार से युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में भी नए अवसर बने हैं। भारत 2036 में ओलिंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है। वहीं, 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भी भारत करने वाला है।


