हत्यारोपी ऋषभ को असलहे सप्लाई कराने वालों की तलाश में पुलिस

संघ नेता समेत तीन लोगों की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान को एलडीए द्वारा ध्वस्त किए जाने के दौरान वहां से पांच असलहे और 50 कारतूस बरामद हुए हैं। अब पुलिस ने हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने के लिए उसके चिह्नित दोस्तों व रिश्तेदारों से पूछताछ करने और ऋषभ की पुलिस रिमांड लेने की तैयारी शुरू कर दी है।

लखनऊ ; सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला में तिहरे हत्याकांड के आरोपी ऋषभ शुक्ला को असलहे और कारतूस मुहैया कराने वालों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने उसके कुछ दोस्तों और रिश्तेदारों को चिह्नित किया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने पांच असलहे और 50 कारतूस किस मकसद से जुटाए थे। 26 अक्तूबर को चबूतरे को लेकर हुए विवाद में ऋषभ ने पड़ोसी संघ नेता शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस ने ऋषभ समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को एलडीए ने ऋषभ के मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। कार्रवाई के दौरान वहां से असलहे और कारतूस भी मिले थे। डीसीपी पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जांच की जा रही है कि ऋषभ को असलहे कौन मुहैया कराता था और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। इसके अलावा ऋषभ की पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी ताकि उससे असलहों की खरीद और उनके इस्तेमाल के मकसद के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *