ग्राम पिलखना में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, वीरांगना के शौर्य और बलिदान को किया याद।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
हसनगंज, उन्नाव। वीरांगना माता ऊदा देवी पासी के शहादत दिवस पर 16 नवम्बर को ग्राम पिलाना में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधानसभा 164-मोहान क्षेत्र के युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने वीरांगना के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान को याद किया।
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना ऊदा देवी पासी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा खोलकर अद्भुत वीरता का परिचय दिया था। लखनऊ के ऐतिहासिक सिकंदरबाग में अंग्रेजी सेना से मुकाबला करते हुए उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका साहस और बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज है। कैंडल मार्च के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लखनऊ मुख्य मंडल प्रभारी अरविंद राजवंशी, उन्नाव जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र चौधरी, विधानसभा 164-मोहान अध्यक्ष रामकिशन रावत, विधानसभा प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अरुण गौतम, नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र गौतम, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार रावत, सेक्टर अध्यक्ष संजय रावत, रजनीश कुमार, पंकज पासी, तुली गौतम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने वीरांगना माता ऊदा देवी पासी को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को सदैव याद रखने तथा उनके इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
