ग्राम पंचायत सचिव ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही आवास दिया गया है – देश दीपक गौड़।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ उन्नाव संवाददाता
हसनगंज ( उन्नाव ) – ग्राम पंचायत अहमदपुर वादे में प्रधानमंत्री/विधवा आवास योजना में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान राम कुमारी ने पंचायत सचिव और पंचायत सहायक पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी (बी.डी.ओ) को लिखित शिकायत दी है।
बताते चलें कि मामला उजागर होते ही गांव में आक्रोश फैल गया है। प्रधान का आरोप है कि जिस महिला के पास पहले से पक्का मकान था, उसे पहले अपात्र घोषित किया गया था, लेकिन बाद में नियमों को दरकिनार कर उसे दोबारा पात्र दिखाकर आवास स्वीकृत कर दिया गया। इतना ही नहीं, आवास की पहली किस्त भी जारी कर दी गई। प्रधान का कहना है कि यह सब लेन-देन के आधार पर किया गया है और इससे वास्तविक पात्रों के हक पर चोट पहुंची है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है और इसे जांच समिति को भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पंचायत सचिव देश दीपक गौड़ ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि केवल पात्र लाभार्थियों को ही आवास दिया गया है।
