हनीमून पर गई लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार

पेटीएम टीम लीडर लूटकांड की फरार महिला आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया इंस्टाग्राम पर लगातार सक्रिय रहने से पुलिस को उसकी लोकेशन मिली।

मेरठ ; सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से लूट के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में पुलिस को चुनौती देने वाली आरोपी की गिरफ्तारी उसकी इंस्टाग्राम गतिविधियों के कारण संभव हो सकी शादी के कुछ दिन बाद पति के साथ हरिद्वार घूमने पहुंची आरोपी की लोकेशन पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए ट्रेस कर ली।

शादी के बाद हनीमून पर गई थी आरोपी
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ज्योति चौधरी, निवासी गांव छुछाई, थाना किठौर की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी। शादी के बाद दोनों हरिद्वार घूमने गए थे। फरारी के दौरान भी ज्योति लगातार इंस्टाग्राम पर सक्रिय रही इसी गतिविधि के आधार पर पुलिस को उसकी मौजूदगी का सुराग मिला और शनिवार सुबह उसे हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि ज्योति की पहले बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से भी शादी हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, वह रागनी कार्यक्रमों में नृत्य करती थी। पुलिस का दावा है कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वह अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी की वारदातों में शामिल होने लगी लूटकांड में नाम सामने आने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर फिल्मी अंदाज में कहा था, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।” हालांकि, सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहना ही उसके लिए मुसीबत बन गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
12 जून को हुई थी लूट की वारदात
12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे। सरधना क्षेत्र में रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी बाइक तथा मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वारदात में एक युवती भी शामिल थी। इस मामले में सरधना पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी है। अब महिला आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *