जलभराव से मुख्य मार्ग खस्ताहाल, गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर राहगीर और विद्यार्थी ,जिम्मेदारों से नाली निर्माण कर जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ संवाददाता – महेन्द्र कुमार
औरास (उन्नाव), 2 अक्टूबर। औरास विकासखण्ड की ग्राम पंचायत हाजीपुरगोसा में नाली निर्माण न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। औरास-मोहान मार्ग से लखनऊ, आगरा एक्सप्रेसवे तथा हरदोई, लखनऊ और उन्नाव जनपदों की सीमाओं को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जलभराव और बदहाली का शिकार है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण घरों के सामने गंदा पानी भरा रहता है। इससे सड़क भी खस्ताहाल हो गई है। ग्रामीणों के मुताबिक जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू-मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। राहगीरों और छोटे बच्चों को गंदे पानी व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे और राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
निर्माण के दौरान बंद हुई नाली, अब तक नहीं हुआ समाधान-
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में मुख्य मार्ग का नवीनीकरण कराया गया था। निर्माण के दौरान नाली का भी निर्माण हुआ था, लेकिन सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री नाली में भर जाने से जल निकासी बंद हो गई। इसके बाद पानी गांव से बाहर निकलने के बजाय सड़क और घरों के सामने जमा होने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को होने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
बीडीओ औरास को दिया था प्रार्थना पत्र –
ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए 19 अगस्त 2026 को खंड विकास अधिकारी, औरास को प्रार्थना पत्र देकर नाली निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ और स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव के किसान मुस्ताक के घर में नवंबर में मांगलिक कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके घर के सामने जलभराव होने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार गुहार लगाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
पुरानी नाली के निर्माण की मांग –
ग्रामीणों ने औरास-मोहान मार्ग पर ग्राम पंचायत हाजीपुरगोसा में गोपाली पुत्र बंदी के घर से कामता पुत्र श्रीपाल के घर तक बंद पड़ी पुरानी नाली का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाली का निर्माण होने से पानी की निकासी सुचारु होगी और लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या समाप्त हो सकती है।
नाली निर्माण के समर्थन में ग्रामीण –
नाली निर्माण की मांग का समर्थन करने वालों में कमलेश पुत्र धनीराम, सरोज पुत्र सेवक, धर्मवीर पुत्र बुद्धा, बिहारी पुत्र रामरतन, नरेश पुत्र धनीराम, सुनील पुत्र उदयराज, पियूष पुत्र बाबूलाल, कुलदीप पुत्र बाबूलाल, बाबू पुत्र कालीदीन, चांन्दिका, मुस्ताक सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र मौके का निरीक्षण कर नाली का निर्माण कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

