घूर गड्ढे की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, खेत में गंदा पानी बहाने की शिकायत, युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (164-मोहान, अ० जा०, हसनगंज) के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
हसनगंज (उन्नाव)। तहसील सभागार हसनगंज में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने की। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 191 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मौके पर 13 शिकायतों का निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 92, पुलिस विभाग के 31, विकास विभाग के 29 और अन्य विभागों के 39 प्रार्थना पत्र शामिल रहे।
सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप।
ग्राम सिलई, पोस्ट परेंदा, तहसील हसनगंज निवासी रामखेलावन पुत्र हेमन्चल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 130 में दर्ज घूर गड्ढे की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। ग्रामीण ने क्षेत्रीय लेखपाल पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव के श्यामसुंदर पुत्र महादेव, राजेश पुत्र रामरतन, रज्जन लाल पुत्र रामरतन, सीताराम पुत्र पुत्रीलाल सहित अन्य लोगों ने कथित तौर पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं। आरोप है कि वहां अभी भी निर्माण कार्य जारी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मामले की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई थी। लेखपाल मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और समस्या जस की तस बनी हुई है।
खेत में गंदा पानी बहाने का भी आरोप।
रामखेलावन ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी कृषि भूमि गाटा संख्या 127 के सामने खड़ंजे का रास्ता है, जो टेढ़ा-मेढ़ा है। आरोप है कि रास्ते के किनारे स्थित उनके खेत में गांव के कुछ लोगों के घरों का गंदा पानी बहाया जा रहा है। विरोध करने पर शिकायतकर्ता और उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर न्याय दिलाने और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
लेखपाल ने कही कार्रवाई की बात।
इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया कि ग्राम सिलई में घूर गड्ढे की सरकारी जमीन और रास्ता मौजूद है। इसके बगल में रामखेलावन पुत्र हेमन्चल का खेत है, जिसमें विपक्षी पक्ष के घरों का पानी बहकर जाता है। लेखपाल के अनुसार, पानी बहाने का तरीका गलत है और संबंधित अधिकारी की ओर से इस पर लिखित रूप से रोक लगाई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध जल्द ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस परिसर में चलाया मतदाता जागरूकता अभियान।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (164-मोहान, अ० जा०, हसनगंज) के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी शालिनी सिंह तोमर, क्षेत्राधिकारी तेज बहादुर सिंह, तहसीलदार कीरत सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



