बाइक पर रखे ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने से जोरदार धमाका हो गया , दोनों को सीएचसी हसनगंज से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
हसनगंज (उन्नाव) मोहान-अजगैन मार्ग पर फरहदपुर पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद एक बाइक पर रखे ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने से जोरदार धमाका हो गया।
हादसे में बाइक सवार करन (22) पुत्र बच्चू निवासी मौलवी खेड़ा और उसका साथी मनोज पुत्र बुद्धन निवासी ऊंचगांव किला, थाना असोहा गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को सीएचसी हसनगंज से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। बताया गया कि करन सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता है। त्योहारी सीजन के चलते काम जल्दी बंद होने पर वह रोलर चालक मनोज के साथ बाइक से घर लौट रहा था। फरहदपुर पुलिया के पास मोहान की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक पर रखे ज्वलनशील पदार्थ में आग लग गई और तेज धमाका हुआ। इसकी चपेट में आकर दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। धमाके से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
