भारत रत्न,भारतीय संविधान निर्माता की प्रतिमा के अपमान का आरोप, पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध 298,324(4) में दर्ज किया मुकदमा।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
माखी (उन्नाव)। माखी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरसिंही मलेथा में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कथित रूप से अपमानित करने और प्रतिमा पर लगे चश्मे को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चर्चा का माहौल बन गया। बाबा साहब के विचारों और संविधान में आस्था रखने वाले लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई।


जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार को हुई घटना के बाद गांव निवासी शिवलोचन पुत्र धनीराम ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर माखी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बुधवार सुबह शिवलोचन ने थाने में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के ही सुधीर यादव पुत्र रामभजन ने जानबूझकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाई। शिकायतकर्ता ने इस घटना को सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर मामला सही पाए जाने के बाद 12 नवंबर को आरोपी सुधीर यादव पुत्र रामभजन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 एवं 324(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
