मनोज उर्फ मोनू रावत के नेतृत्व में होगी महारैली, 20 बसों और 100 से अधिक चारपहिया वाहनों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता; उन्नाव से 10 हजार लोगों के शामिल होने का दावा।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
हसनगंज , उन्नाव। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ में आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) उन्नाव की ओर से व्यापक भागीदारी की तैयारी है। विधानसभा क्षेत्र 164-मोहान से पार्टी प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत के नेतृत्व में विशाल काफिले के साथ कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। महारैली को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पार्टी जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र चौधरी पुरवा प्रभारी सुनील रावत, न्योतनी नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र गौतम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विधानसभा 164-मोहान स्थित ऊंचाद्वार में पार्टी कार्यालय से रैली रवाना होगी। नगर पंचायत मोहान में पैदल मार्च भी प्रस्तावित है। आयोजकों के मुताबिक, रैली में करीब 20 बसों, 100 से अधिक चारपहिया वाहनों और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों के शामिल होने की तैयारी है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक अपने निजी वाहनों से भी लखनऊ पहुंचेंगे। आयोजकों ने उन्नाव से लगभग 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य बताया है।
माता रमाबाई अंबेडकर मैदान में जुटेंगे कार्यकर्ता।
लखनऊ के माता रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में उन्नाव का प्रतिनिधिमंडल भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। पार्टी की ओर से इस आयोजन को संविधान, सामाजिक न्याय, समान प्रतिनिधित्व और बहुजन समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने का मंच बताया जा रहा है।
सामाजिक भागीदारी और अधिकारों का मुद्दा उठाएगा संगठन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से दलित, शोषित, वंचित, पिछड़े, मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी और ईसाई समाज सहित सभी वर्गों की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाने की बात कही गई है। संगठन का कहना है कि संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मिशन 2027 को लेकर भी बनेगी रणनीति-
महारैली को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। मोहान विधानसभा से प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत के नेतृत्व में उन्नाव से होने वाली इस भागीदारी को संगठन की आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जनपद उन्नाव सहित पूरे प्रदेश में सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के सवालों को लेकर अभियान तेज किया जाएगा।
