मुख्य मंडल प्रभारी लखनऊ एवं प्रदेश कोर कमेटी सदस्य मा० एडवोकेट अरविंद राजवंशी ने फीता काटकर किया भव्य उद्घाटन।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ संवाददाता – महेन्द्र कुमार
नवाबगंज (उन्नाव) – ग्राम सरौती में 01 सितंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नए कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में पार्टी के मुख्य मंडल प्रभारी लखनऊ एवं प्रदेश कोर कमेटी सदस्य मा० एडवोकेट अरविंद राजवंशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।
पुष्पमाला पहनाकर किया जोरदार स्वागत –
मुख्य अतिथि के पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष रामकिशन रावत एवं विधानसभा 164-मोहान से भावी प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प भेंट कर तथा माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यालय उद्घाटन को लेकर कार्यकर्ताओं में अच्छा-खासा उत्साह नजर आया। 
महापुरुषों को किया नमन –
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अरविंद राजवंशी ने सर्वप्रथम महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि नवाबगंज क्षेत्र में पार्टी कार्यालय की स्थापना संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम है। कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र की जनता अपनी समस्याएं आसानी से पार्टी पदाधिकारियों तक पहुंचा सकेगी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों तक मजबूती से आवाज पहुंचाई जा सकेगी।
जनसमस्याओं की आवाज बनेगा कार्यालय –
अरविंद राजवंशी ने कहा कि आजाद समाज पार्टी कांशीराम बहुजन समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के माध्यम से जनता और संगठन के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा तथा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को भी गति मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष रामकिशन रावत एवं भावी प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत ने उपस्थित क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प व्यक्त किया। मौके पर युवा मोर्चा के विधानसभा अध्यक्ष अरुण गौतम, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार रावत, जिला जोन प्रभारी प्रदीप उर्फ बबलू, संगीत रावत, विधानसभा जोन प्रभारी/नवाबगंज कार्यालय प्रभारी डा० अंकित गौतम, न्योतनी नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र गौतम, सुनील गौतम, बूथ अध्यक्ष प्रदीप गौतम , विधानसभा मीडिया प्रभारी महेन्द्र कुमार , श्रीमती सुमन सहित दर्जनों महिला बूथ अध्यक्ष सहित सैकड़ों लोग रहे मौजूद।

