26 नवंबर को माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित होगा बहुजन स्वराज सम्मेलन।
आवाज़ –ए– लखनऊ ~ महेन्द्र कुमार
उन्नाव। भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश संयोजक डॉ. कुलदीप भार्गव के उन्नाव आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं बहुजन समाज के युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में प्रस्तावित बहुजन स्वराज सम्मेलन को लेकर जनपदवार भ्रमण के क्रम में उनका उन्नाव आगमन हुआ। नवाबगंज एवं उन्नाव बाईपास पहुंचने पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के लखनऊ मुख्य मंडल प्रभारी एडवोकेट अरविंद राजवंशी, उन्नाव जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र चौधरी, विधानसभा 164-मोहान के विधानसभा अध्यक्ष रामकिशन रावत, उपाध्यक्ष शिवकुमार, विधानसभा प्रत्याशी मनोज उर्फ मोनू रावत सहित बांगरमऊ विधानसभा के प्रत्याशी एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद डॉ. कुलदीप भार्गव उन्नाव-अचलगंज मार्ग स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचकर बहुजन समाज में जन्मे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं, क्षेत्रवासियों, माताओं एवं बहनों का अपना कीमती समय निकालकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाले बहुजन स्वराज सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बहुजन समाज को हुक्मरान बनाने के लिए महापुरुषों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग और विचारों को याद करते हुए संविधान के महत्व पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के समापन पर लखनऊ सम्मेलन में सहभागिता की अपील की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।


