पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना राम अधूरे

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच ऐतिहासिक ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअली शुभारंभ किया इस मौके पर पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज सहित ऊर्जा, सड़क व सीमा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को गति देने की बड़ी घोषणा की।

अयोध्या ; भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ हुआ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकल्प दोहराते हुए नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अटूट विश्वास, साझा संस्कृति और आत्मीयता का रिश्ता है। दोनों देश एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं। नेपाल के बिना राम अधूरे हैं। प्रधानमंत्री ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की दूरदर्शिता और उनके विजन की भी सराहना की उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेंद्र शाह के स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता की झलक देखने को मिली है। उनका विजन नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।

नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का पैकेज

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल के लिए भारत गहरी संवेदना रखता है। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के जीवन को फिर से पटरी पर लाना और वहां के दीर्घकालिक विकास को मजबूती देना भारत का संकल्प है। इसी दिशा में 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज दिया जाएगा उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास होगा कि प्रभावित परिवारों के जीवन में फिर से खुशहाली लौटे, नए अवसर पैदा हों और भविष्य में आने वाली आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता भी मजबूत हो प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और नेपाल के संबंधों का आधार इतिहास, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्ते हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, अब तक करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ से इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों देशों के बीच आस्था से जुड़े पवित्र स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू हुई यह रेल सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को भी बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *